(महावीर सेन)
कलश प्रतिष्ठा और पंच कुंडीय महायज्ञ का आयोजन, 29 अप्रैल को पूर्णाहुति और महाप्रसादी के साथ होगा समापन
मांडलगढ़ ।स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र के दौलजी का खेड़ा ग्राम में श्री 1008 कल्लाजी राठौड़ मंदिर के कलश प्रतिष्ठा महोत्सव एवं पंच कुंडीय महायज्ञ का शनिवार (25 अप्रैल) को भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय (25 से 29 अप्रैल 2026 तक) इस धार्मिक आयोजन का आगाज एक विशाल कलश और शोभायात्रा के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ मंडप प्रवेश व अग्नि स्थापन:
महोत्सव के पहले दिन शनिवार को यज्ञ आचार्य बनवारी लाल शर्मा और गुरुजी नंदा नाथ के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसमें मुख्य रूप से गणपति स्थापना, कलश यात्रा, मंडप प्रवेश, आवाहन पूजन और अग्नि स्थापन का कार्यक्रम पूरे विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस अवसर पर समिति सदस्य जगदीश चंद्र मीणा, मदन लाल मीणा और रतिराम मीणा सहित समस्त ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
यह रहेगा आगामी पांच दिनों का कार्यक्रम:
आयोजन समिति ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे:
26 अप्रैल (रविवार): प्रातः 8 बजे से पूजन एवं हवन।
27 अप्रैल (सोमवार): सायं 4 बजे से चारभुजा नाथ का भव्य नगर भ्रमण।
28 अप्रैल (मंगलवार): सायं 5 बजे से पूजन, हवन और अधिवास कर्म।
29 अप्रैल (बुधवार): प्रातः 10 बजे अभिषेक, 11 बजे मंदिर शिखर पर कलश स्थापना, दोपहर 12:15 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति और दोपहर 2 बजे से विशाल महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
प्रतिदिन हो रही विशेष पूजा-अर्चना:
महोत्सव के दौरान मंदिर के पुजारी कैलाश चंद्र, उदय लाल और सूरजमल के सान्निध्य में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु धर्मलाभ उठा रहे हैं। पूरे गांव में उल्लास और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
