(सुरेश चन्द्र मेघवंशी)
मोड़ का निंबाहेड़ा |स्मार्ट हलचल।कांवलास का बाडिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के पशुपालकों ने भीलवाड़ा सरस डेयरी में आयोजित कृषक आमुखीकरण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक दुग्ध उत्पादन, वैज्ञानिक पशुपालन एवं डेयरी विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देना था।
समिति के व्यवस्थापक महावीर गुर्जर ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों को भीलवाड़ा दुग्ध संघ द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय, उत्कृष्ट पशुपालन, संतुलित पशु आहार, पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन तथा विभिन्न बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों ने भीलवाड़ा सरस डेयरी की दुग्ध प्रोसेसिंग यूनिट का भी अवलोकन किया और दूध संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग की पूरी प्रक्रिया को निकट से देखा। इससे पशुपालकों को आधुनिक डेयरी प्रणाली की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर रूट सुपरवाइजर मुकेश जोशी, कैलाश कुमावत, डेयरी व्यवस्थापक महावीर गुर्जर, भीलवाड़ा दुग्ध संघ के पशु चिकित्सक डॉ. अक्षय शर्मा सहित डेयरी के समस्त दुग्ध उत्पादक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
