Home भीलवाड़ा करजालिया में कृभको की पीएम-प्रणाम किसान संगोष्ठी आयोजित, किसानों को दी उर्वरक...

करजालिया में कृभको की पीएम-प्रणाम किसान संगोष्ठी आयोजित, किसानों को दी उर्वरक एवं मृदा परीक्षण की जानकारी दी

मोड़ का निंबाहेड़ा । आसींद क्षेत्र के करजालिया ग्राम सेवा सहकारी समिति पर बुधवार को कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) द्वारा पीएम-प्रणाम किसान संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती एवं मृदा परीक्षण के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समिति अध्यक्ष सावरलाल गुर्जर रहे। वहीं हस्तमल जेन (पूर्व सरपंच), सुरेश गुर्जर (कृषि पर्यवेक्षक), उमराव सिंह एवं रामलाल (समिति सदस्य) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कृभको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रतिनिधि कर्णपाल सिंह ने किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन के आधार पर आवश्यक पोषक तत्वों के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कृभको के जैविक उत्पादों जैसे कम्पोस्ट, किण्वित जैविक खाद, सिवारिका, रिजोसुपर, तरल जैव उर्वरक एवं पोटाश के उपयोग और लाभ के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने मृदा परीक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर आवश्यक पोषक तत्वों का उपयोग करने से मिट्टी की उर्वरता शक्ति बढ़ती है तथा उर्वरकों पर होने वाला अनावश्यक खर्च कम होता है। साथ ही किसानों को मृदा परीक्षण हेतु मिट्टी का सही नमूना लेने की तकनीक भी समझाई गई।

कृषि पर्यवेक्षक सुरेश गुर्जर ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए मौसमी फसलों, विशेषकर मिर्च की खेती में आवश्यक खाद प्रबंधन एवं कीट-बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।

कार्यक्रम में 100 से अधिक किसान भाइयों ने भाग लिया। अंत में समिति व्यवस्थापक विष्णु वैष्णव ने सभी अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।