इंडियन एकेडमी ऑफ इकोकार्डियोग्राफी ने नटेसा जी. पांडियन मेमोरियल ऑरेशन के लिए किया सम्मानित
उदयपुर, 11 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|उदयपुर के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. कौशिक ने चिकित्सा जगत में शहर का गौरव बढ़ाया है। उन्हें इंडियन एकेडमी ऑफ इकोकार्डियोग्राफी (IAE) की 30वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस Echo Asia / Echo India 2026 में प्रतिष्ठित नटेसा जी. पांडियन मेमोरियल ऑरेशन प्रस्तुत करने के लिए सम्मानित किया गया।8 से 11 अक्टूबर 2026 तक दिल्ली-गुरुग्राम में आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के हृदय रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस अवसर पर इंडियन एकेडमी ऑफ इकोकार्डियोग्राफी की ओर से डॉ. कौशिक को सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. कौशिक एमडी एवं डीएम (कार्डियोलॉजी) की विशेषज्ञ योग्यता के साथ हृदय रोगों के निदान एवं उपचार के क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी विशेषज्ञता में जन्मजात हृदय रोग, कोरोनरी धमनी रोग, हार्ट फेलियर तथा हृदय के वाल्व संबंधी रोग शामिल हैं।
इकोकार्डियोग्राफी हृदय की संरचना, कार्यप्रणाली और रक्त प्रवाह का आकलन करने वाली महत्वपूर्ण जांच तकनीक है। हृदय रोगों के सटीक निदान और उपचार की दिशा तय करने में इसकी अहम भूमिका है। ऐसे में इस क्षेत्र के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक मंच पर डॉ. कौशिक को स्मृति व्याख्यान प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उल्लेखनीय है।
सम्मेलन के अवसर पर डॉ. शांतनु सेनगुप्ता, डॉ. हंसा गुप्ता और डॉ. सिम्मी मनोचा सहित देश भर के जाने माने विशेषज्ञ मौजूद रहे।
डॉ. कौशिक की इस उपलब्धि से उदयपुर के चिकित्सा जगत में प्रसन्नता का माहौल है।