राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने फीता काटकर किया दो दिवसीय दंगल एवं मेले का उद्घाटन, आज देवा थापा समेत कई पहलवान दिखाएंगे दमखम
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर परवेजपुर गांव में आयोजित दो दिवसीय दंगल एवं मेले का बुधवार को दोपहर बाद राज्य मंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान ने फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने दंगल में पहुंचे पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और कुश्ती प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों के अलावा पड़ोसी जनपदों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।
दंगल की शुरुआत अयोध्या से आए कालिदास बाबा और पंजाब के चीता पहलवान के बीच मुकाबले से हुई। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक जोरदार मुकाबला चला। अंत में कालिदास बाबा ने चीता पहलवान को चित कर पांच हजार रुपये की इनामी कुश्ती अपने नाम कर ली। मुकाबला जीतने के बाद दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवान का उत्साह बढ़ाया।
दंगल का मुख्य आकर्षण जम्मू-कश्मीर के बीएसएफ जवान जावेद गनी और हरियाणा के विशाल पहलवान के बीच 20 हजार रुपये की इनामी कुश्ती रही। मुकाबले में शुरुआत से ही जावेद गनी ने विशाल पहलवान पर दबदबा बनाए रखा। दोनों के बीच कई बार जोरदार दांव-पेंच देखने को मिले। आखिरकार जावेद गनी ने विशाल पहलवान को चित कर 20 हजार रुपये की इनामी कुश्ती जीत ली।
मेला प्रबंधक एवं ग्राम प्रधान लुखमान अहमद बाबा फरीद ने बताया कि बृहस्पतिवार को दंगल में देवा थापा, जावेद गनी और चीता पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। इन मुकाबलों को लेकर दर्शकों में भी उत्साह बना हुआ है।
दंगल एवं मेले को लेकर आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दर्शक देर तक कुश्ती के मुकाबलों का आनंद लेते रहे और पहलवानों का तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। मेले में भी लोगों की भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। दंगल स्थल के आसपास पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे।