जनरल सीट पर करीब 10 दावेदारों की चर्चा, पूर्व सरपंचों और दिग्गजों की दावेदारी के बीच नए चेहरों के सामने खुद को साबित करने की चुनौती; सोशल मीडिया की चमक जमीन पर कितनी दिखाएगी दम?
(किशन वैष्णव)
खामोर @ स्मार्ट हलचल|पंचायत चुनाव की तारीखें करीब आ रही हैं, लेकिन खामोर की सियासत में इस बार शोर कम और खामोशी ज्यादा है।गांव में न तो पिछले चुनावों जैसी गहमागहमी दिखाई दे रही है और न ही संभावित दावेदार खुलकर अपनी राजनीतिक मंशा जाहिर कर रहे हैं।जनरल सीट पर सरपंच पद के लिए करीब 10 दावेदारों के नाम चर्चाओं में हैं। पूर्व सरपंचों से लेकर वरिष्ठ नेताओं और नए चेहरों तक की निगाहें पंचायत की कुर्सी पर टिकी हैं। इसके बावजूद चुनावी फिजां में अभी वह गर्माहट नहीं आई है,जिसकी उम्मीद पंचायत चुनाव से पहले रहती है। हालांकि, इस खामोशी को सियासी शांति मान लेना जल्दबाजी होगी। कुछ दावेदार सीमित दायरे में गुपचुप चर्चाएं कर रहे हैं,तो कुछ अपने स्तर पर जनसंपर्क और राजनीतिक समीकरण साधने में जुटे हैं। खुलकर कोई कुछ कहने को तैयार नहीं, लेकिन हर कोई चुनावी परिस्थितियों को भांपने में लगा है।
सियासी मैदान में नए चेहरे, लेकिन बड़े खिलाड़ियों से मुकाबला आसान नहीं!
इस बार खामोर की राजनीति में सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक कुछ नए चेहरे भी उभरकर चर्चा में आए हैं। इन चेहरों ने अपनी सक्रियता से लोगों का ध्यान खींचा है,लेकिन चुनावी मुकाबले में असली परीक्षा अब शुरू होगी। सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखाई देना और मतदाताओं के बीच लगातार मौजूद रहना दो अलग-अलग बातें हैं। सवाल यह है कि जब पूर्व सरपंच और वरिष्ठ नेता पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरेंगे, तब ये नए चेहरे अपनी रफ्तार बरकरार रख पाएंगे या नहीं? क्या वे लगातार जनसंपर्क करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे,या बड़े चेहरों की सक्रियता बढ़ते ही उनकी राजनीतिक हलचल धीमी पड़ जाएगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन चुनावी चर्चाओं में यह मुद्दा जरूर जगह बना रहा है।
पूर्व सरपंचों की वापसी की चर्चा, नए चेहरों के सामने साख बनाने की चुनौती..
सरपंच पद की दौड़ में पूर्व सरपंच रह चुके दावेदारों की मौजूदगी मुकाबले को दिलचस्प बना रही है।वहीं,कुछ वरिष्ठ नेता भी अपनी राजनीतिक संभावनाएं तलाश रहे हैं। पुराने चेहरों के पास अनुभव और पहले से बना जनसंपर्क है, जबकि नए दावेदारों के सामने अपनी पहचान को मजबूत करने की चुनौती है। ऐसे में सवाल केवल यह नहीं है कि कौन चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है,बल्कि यह भी है कि कौन लगातार मतदाताओं के बीच बना रहता है और किसकी बात गांव के लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। चुनाव में दावेदारी करना एक बात है, लेकिन उस दावेदारी को जनसमर्थन में बदलना अलग चुनौती है।
युवा सरपंच की चाहत,क्या बदलेगा पंचायत की राजनीति का रुख?
खामोर में युवाओं के एक वर्ग की सोच इस बार कुछ अलग दिखाई दे रही है। युवा चाहते हैं कि पंचायत की कमान युवा नेतृत्व को मिले और गांव के विकास को लेकर नई सोच के साथ काम हो। यह चाहत चुनावी समीकरणों को कितना प्रभावित करेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। दूसरी ओर,अनुभवी नेताओं और पूर्व सरपंचों की दावेदारी भी मुकाबले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ऐसे में चुनाव का रुख इस बात पर निर्भर करेगा कि मतदाता अनुभव को प्राथमिकता देते हैं या बदलाव की उम्मीद में किसी नए चेहरे पर भरोसा जताते हैं।फिलहाल युवा नेतृत्व की चर्चा है,लेकिन इसे वास्तविक जनसमर्थन में बदलने की तस्वीर चुनाव प्रचार तेज होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पंचायत समिति के टिकट अटके, राजनीतिक निगाहें दलों के फैसले पर
ग्राम पंचायत के सरपंच पद की चर्चाओं के बीच पंचायत समिति सदस्यों के टिकटों को लेकर भी राजनीतिक हलचल पर नजरें टिकी हैं। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से टिकटों की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। टिकटों की घोषणा के बाद स्थानीय स्तर पर नए समीकरण बन सकते हैं और कुछ दावेदारों की रणनीति में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल संभावित प्रत्याशी अपनी स्थिति का आकलन करने में जुटे हैं, लेकिन अंतिम मुकाबले की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
28 को जिला परिषद-पंचायत समिति, 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच चुनाव..
प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर को पंचायत समिति और जिला परिषद तथा 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच चुनाव होने हैं। तारीखें नजदीक आने के साथ अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि खामोर में चुनावी माहौल कब गर्माता है। क्या अब तक सीमित दायरे में चल रही चर्चाएं खुलकर चुनावी मैदान में दिखाई देंगी? क्या नए चेहरे अपनी सक्रियता बनाए रखेंगे? और क्या अनुभवी दावेदारों की एंट्री के बाद मुकाबले की दिशा बदलेगी?फिलहाल खामोर में दावेदारों की चर्चाएं हैं, लेकिन चुनावी तस्वीर धुंधलीहै। करीब 10 संभावित दावेदारों के बीच कौन अपनी दावेदारी को मजबूती देगा, कौन मैदान में लगातार सक्रिय रहेगा और कौन मतदाताओं का भरोसा जीत पाएगा, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा। पंचायत की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता सोशल मीडिया की चर्चाओं या अंदरखाने की रणनीतियों से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से होकर गुजरेगा। अब देखना होगा कि खामोर की चुनावी खामोशी कब टूटती है और आखिरकार जनता किस चेहरे पर अपनी मुहर लगाती है।