31 जुलाई को नई दिल्ली में होगा खटीक समाज का अंतरराष्ट्रीय समुदाय मिलन व निःशुल्क करियर मार्गदर्शन सम्मेलन,जयपुर में हुआ पोस्टर विमोचन

जयपुर।स्मार्ट हलचल|ग्लोबल खटीक ऑफिसर्स एवं प्रोफेशनल्स ग्रुप के तत्वावधान में 31 जुलाई को स्कोप कन्वेंशन सेंटर, लोधी रोड, नई दिल्ली में चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय समुदाय मिलन एवं निःशुल्क करियर मार्गदर्शन सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य समाज के विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स को एक मंच पर लाकर शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, नेटवर्किंग तथा सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के तहत शनिवार को जयपुर के मानसरोवर स्थित गुलाबगढ़ रिजॉर्ट में पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सम्मेलन की सफलता की कामना करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इसमें भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में अजय असवाल (भारतीय प्रशासनिक सेवा), उर्मिला राजोरिया (पूर्व वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी), महेश दायमा (वाणिज्य कर अधिकारी), सुनील बसवाल (महाप्रबंधक, एयरपोर्ट अथॉरिटी), राधेश्याम दायमा (वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी, एसएमएस अस्पताल), भगवती प्रसाद चावला, विष्णु बागड़ी, तूफान सिंह तोसवाड़ा, अविनाश सांखला, सुमित तंवर, मानसी सांखला, कैलाश सांखला, मोहन सांभरिया, दिनेश बेनीवाल तथा अलका नागर सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में देशभर से भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय राजस्व सेवा, राजस्थान प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न सेवाओं के अधिकारी, चिकित्सक, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, इंजीनियर, बैंक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, रक्षा सेवाओं के अधिकारी, उद्योगपति एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स भाग लेंगे। इसके साथ ही संघ लोक सेवा आयोग, राजस्थान लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, बैंकिंग, रेलवे, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई), कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट), चार्टर्ड अकाउंटेंसी, एमबीए एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क करियर मार्गदर्शन दिया जाएगा। सम्मेलन के दौरान समाज के मेधावी विद्यार्थियों, उत्कृष्ट अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार रमेश सांभरिया ने बताया कि सम्मेलन का मूल उद्देश्य “साथ मिलकर आगे बढ़ें, समाज को लौटाएं” की भावना के साथ शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देना है। उन्होंने पूर्व में पंजीकरण करा चुके अधिकारियों, प्रोफेशनल्स, विद्यार्थियों, युवाओं एवं अभिभावकों से सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।