रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र
(हरिप्रसाद शर्मा)
अजमेर/स्मार्ट हलचल।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने अजमेर संसदीय क्षेत्र के विजयनगर एवं किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न विकास कार्यों की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को विस्तृत पत्र लिखा है।चौधरी ने अपने पत्र में कहा कि अजमेर संसदीय क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन का आवागमन रहता है, ऐसे में यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने विजयनगर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हुए विकास कार्यों के साथ जीआरपी पुलिस चौकी स्वीकृत करने, स्टेशन परिसर में मीठे पेयजल की समुचित उपलब्धता हेतु बीसलपुर योजना से जोड़ने तथा सम्पूर्ण स्टेशन परिसर की चारदीवारी निर्माण के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत करने की मांग रखी है।
चौधरी ने किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए बैंक एटीएम बूथ स्थापित करने, प्लेटफॉर्म संख्या 1 एवं 2 पर दिव्यांगजन, महिलाओं एवं आम यात्रियों हेतु पक्के शौचालयों का निर्माण करवाने तथा कोरोना काल से पूर्व की भांति मैकेनाइज्ड सफाई व्यवस्था पुनः प्रारम्भ करने की मांग की गई है।
उन्होंने लिखा कि किशनगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग-48, एयरपोर्ट मार्ग तथा शहर की ओर से स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार निर्माण एवं बड़े दिशा सूचक बोर्ड/होर्डिंग लगवाने का भी आग्रह किया है, जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने किशनगढ़-अजमेर के पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में उपनगरीय रेलवे स्टेशन विकसित करने, उपलब्ध खाली भूमि पर मॉल निर्माण एवं अतिरिक्त आरक्षण केंद्र शुरू करने संबंधी महत्वपूर्ण योजना को भी रेलवे बोर्ड स्तर पर क्रियान्वित करने का आग्रह किया है।
वहीं केकड़ी क्षेत्र के नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे लाइन आने तक पोस्ट ऑफिस अथवा अन्य संसाधनों के माध्यम से रेलवे आरक्षण सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी गई है।
स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने रेल मंत्री से जनहित में सभी प्रस्तावों पर शीघ्र विभागीय स्वीकृति जारी करवाकर अजमेर संसदीय क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों एवं रेल यात्रियों को लाभान्वित करने का आग्रह किया है।
