मुंबई फायरिंग मामले में कोटा स्टेशन पर तीन संदिग्ध हिरासत में, आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

पुणे–जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा, मुंबई पुलिस की सूचना पर हुई कार्रवाई*

कोटा। स्मार्ट हलचल|मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर की गई कथित फायरिंग के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोटा और कोटा शहर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। तीनों को कोटा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12939 पुणे–जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा गया।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि मुंबई पुलिस एवं संबंधित जांच एजेंसियों से प्राप्त तकनीकी सूचना और खुफिया जानकारी के आधार पर आरपीएफ तथा कोटा शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। संदिग्धों के विदेश भागने की आशंका के बीच टीम ने उन्हें ट्रेन से आगे रवाना होने से पहले ही हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का (18 वर्ष) तथा बिहार निवासी एवं वर्तमान में मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहने वाले ऋत्विक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। तीसरा संदिग्ध नाबालिग है, जिसकी पहचान कानूनी प्रावधानों के अनुसार गोपनीय रखी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोटा शहर, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ कोटा, सहायक सुरक्षा आयुक्त-द्वितीय एवं संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में आरपीएफ भीमगंजमंडी के निरीक्षक रामनिवास मीणा एवं उनकी टीम, रेलवे कॉलोनी के निरीक्षक रामस्वरूप मीणा एवं उनकी टीम, डिटेक्शन स्क्वॉड कोटा के उपनिरीक्षक लाइक अहमद, आरपीएफ कोटा के निरीक्षक सी.एस. डावर, उपनिरीक्षक सुमित रघुवंशी एवं कप्तान सिंह तथा आरक्षक सीताराम, हरमुख मीणा और राकेश कुमार शामिल रहे।

प्रारंभिक पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस एवं संबंधित जांच एजेंसी को सूचित कर दिया गया है। संदिग्धों की घटना में कथित संलिप्तता की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
आरपीएफ और कोटा शहर पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं आपसी तालमेल की प्रभावशीलता सामने आई है।