दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में एक्सपर्ट पैनलिस्ट के रूप में किया भारत का प्रतिनिधित्व, जल संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और ग्रीन इकोनॉमी पर वैश्विक विशेषज्ञों के साथ साझा किए विचार
राजस्थान की उच्च शिक्षा को वैश्विक पहचान दिलाने में जुटीं प्रो. शर्मा, अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में विदेशों में सहभागिता सहित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दर्ज करा चुकी हैं प्रभावी उपस्थिति
कोटा, 20 नवंबर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान की उच्च शिक्षा को वैश्विक अकादमिक परिदृश्य से जोड़ने की दिशा में कोटा विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी की प्रोफेसर (डॉ.) अनुकृति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स रिसर्च कॉन्फ्रेंस में कोटा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक शोध सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। पांच दिवसीय इस सम्मेलन में उन्होंने एक्सपर्ट पैनलिस्ट के रूप में सहभागिता करते हुए विभिन्न देशों के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और नीतिगत विशेषज्ञों के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया।
दक्षिण अफ्रीका के लिम्पोपो प्रांत के थोहोयांडौ में 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन सैनिटेशन, वाटर एंड वेस्ट (ICSW²) का केंद्रीय विषय रहा। सम्मेलन में स्वच्छता, जल संसाधन, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय सुशासन और हरित अर्थव्यवस्था के माध्यम से सतत विकास की संभावनाओं पर व्यापक विमर्श हुआ।
वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए साझा ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी
सम्मेलन के दौरान ‘विषय पर आयोजित विशेषज्ञ पैनल चर्चा में प्रो. अनुकृति शर्मा ने विभिन्न देशों के अनुभवों, नीतिगत नवाचारों और शोध निष्कर्षों के तुलनात्मक आदान-प्रदान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण और पर्यावरणीय सुशासन किसी एक देश तक सीमित चुनौतियां नहीं हैं, बल्कि इनका संबंध पूरी दुनिया के सतत भविष्य से है।
उन्होंने कहा कि विश्व आज जलवायु परिवर्तन, जल संकट, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। ब्रिक्स देश विश्व की बड़ी आबादी और तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।
प्रो. शर्मा ने भारत के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इसी प्रकार ब्रिक्स के अन्य सदस्य देशों में भी हरित अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय नवाचार हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों की भूमिका केवल अकादमिक उपलब्धियां हासिल करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वहां होने वाला अनुसंधान समाज की वास्तविक आवश्यकताओं और वैश्विक चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान से जुड़ना चाहिए। राजस्थान की उच्च शिक्षा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सक्रिय भूमिका
प्रो. अनुकृति शर्मा की यह अंतरराष्ट्रीय सहभागिता केवल कोटा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान की उच्च शिक्षा को वैश्विक अकादमिक नेटवर्क से जोड़ने के उनके निरंतर प्रयासों का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। वे कोटा विश्वविद्यालय में ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स तथा स्किल डेवलपमेंट सेंटर की निदेशक के रूप में विश्वविद्यालयों के अंतरराष्ट्रीयकरण, वैश्विक शैक्षणिक संपर्कों, शोध सहयोग और नवाचार को प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
उनका मानना है कि राजस्थान के विश्वविद्यालयों को वैश्विक अकादमिक प्रतिस्पर्धा में अपनी पहचान स्थापित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शोध, बहुविषयक अध्ययन, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी पर विशेष ध्यान देना होगा।
18 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में विदेशों में सहभागिता, शोध और अकादमिक योगदान
प्रो. अनुकृति शर्मा की अकादमिक उपलब्धियों का दायरा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर विस्तृत है। अब तक वे भारत के बाहर आयोजित 18 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों तथा देश में आयोजित 33 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में सहभागिता कर चुकी हैं। उनके 11 शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हुए हैं, जबकि 22 शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में कीनोट स्पीकर, चेयर, को-चेयर और पैनल सदस्य के रूप में 18 सम्मेलनों में अपनी अकादमिक भूमिका निभा चुकी हैं।
प्रो. शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि ब्रिक्स रिसर्च कॉन्फ्रेंस जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर राजस्थान के शिक्षाविदों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के विश्वविद्यालयों के लिए अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग, ज्ञान साझेदारी और शैक्षणिक नवाचार के नए अवसर विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि ग्लोबल एक्सीलेंस के अनुरूप राजस्थान की उच्च शिक्षा को वैश्विक मंचों पर सशक्त पहचान दिलाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए विश्वविद्यालयों को स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े शोध के साथ वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।