कराटे के दांव-पेच में बहनों ने मारी बाजी, राष्ट्रीय स्तर पर कोटा को दिलाया गौरव
माहेश्वरी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कोटा को राष्ट्रीय स्तर पर किया गौरांवित —चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला
कोटा, 23 नवम्बर।स्मार्ट हलचल।खेल के मैदान में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और उपलब्धियों की कड़ी में कोटा की दो सगी बहनों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, श्रीनाथपुरम-ए की छात्रा समीक्षा शर्मा और याना शर्मा ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए। दोनों बहनों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित शहर में हर्ष का माहौल है।
समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि समीक्षा और याना की उपलब्धि केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे कोटा शहर के लिए गर्व का विषय है। बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान और अन्य सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा विकसित करते हैं। दोनों बहनों की सफलता इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और परिवार एवं संस्थान के प्रोत्साहन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि दूसरी छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्राचार्या भक्ति निगम ने बताया कि विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा समीक्षा शर्मा और कक्षा छठी की छात्रा याना शर्मा ने 18 नवम्बर 2026 को दिल्ली स्मार्ट पब्लिक स्कूल, शाजापुर (मध्य प्रदेश) में आयोजित सीबीएसई नेशनल लेवल गर्ल्स कराटे सिलेक्शन ट्रायल्स में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में दोनों बहनों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए रजत पदक हासिल किए। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने उनकी नियमित मेहनत और कठिन अभ्यास को उपलब्धि में बदल दिया।
विद्यालय के प्रशासक राजेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दोनों छात्राओं का पदक जीतना विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों का परिणाम है।
प्राचार्या भक्ति निगम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों बहनों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।