घर-आंगन के साथ जरूरतमंदों के जीवन में भी जले खुशियों के दीप

‘एक दीप सेवा के नाम’ से जगाई मानवता की अलख, कोटा सोशल वेलफेयर फोरम का दीपावली मिलन

कोटा। स्मार्ट हलचल।रोशनी के पर्व दीपावली को सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ते हुए कोटा सोशल वेलफेयर फोरम की ओर से दीपोत्सव-2026 का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। ‘एक दीप सेवा के नाम’ की विशेष थीम पर आयोजित समारोह में सेवा, सहयोग और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फोरम अध्यक्ष डॉली मदनानी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर नरिंदर कपूर उपस्थित रहे। सचिव सुशील मेहता ने आयोजन की व्यवस्थाओं और कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह का शुभारंभ मेघा शर्मा की गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दीपोत्सव की खुशियों में रंग भर दिए। मिशिका ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना बटोरी, वहीं मधु एवं रामकांत शर्मा की युगल नृत्य प्रस्तुति ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया।
आयोजन की मुख्य विशेषता ‘एक दीप सेवा के नाम’ अभियान रहा। इसके माध्यम से सदस्यों ने संदेश दिया कि दीपावली पर घरों को रोशन करने के साथ समाज के उन लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचाना जरूरी है, जिन्हें सहयोग और संवेदना की सबसे अधिक आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में के.के. शर्मा ने अतिथियों, सदस्यों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।