कोटड़ा फायरिंग मामला: ब्यावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 अवैध पिस्टल, 11 मैगजीन और 9 कारतूस के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार; अंतरराज्यीय हथियार सिंडिकेट का पर्दाफाश

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जवाजा क्षेत्र के कोटड़ा गांव में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पर्दाफाश करते हुए जिला पुलिस, साकेतनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मुख्य शूटरों समेत 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से 7 अवैध पिस्टल, 11 मैगजीन और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि सभरवाल के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया (RPS) के सुपरविजन में वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
फायरिंग की घटना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बीती 21 जुलाई की रात कोटड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो मोटरसाइकिलों पर आए 5 बदमाशों ने जय सिंह पुत्र रोड सिंह पर गोलियां चला दी थीं। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जय सिंह को अजमेर रेफर किया गया था। घटना पर जवाजा थाने में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, मोरबी, भरूच के अलावा राजस्थान के जयपुर, जैसलमेर, बीकानेर और सलूंबर में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 7 अगस्त को मुख्य शूटर सुनील सिंह (19) निवासी कोटड़ा और प्रवीण सिंह उर्फ कूका (19) निवासी करला को गिरफ्तार कर कोर्ट से पुलिस रिमांड लिया गया।
हथियार सप्लाई सिंडिकेट का खुलासा
रिमांड के दौरान अभियुक्तों से पूछताछ और निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 2 पिस्टल सहित कुल 5 अवैध पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और 4 खाली मैगजीन बरामद की गईं।
पूछताछ में सामने आया कि ये हथियार प्रहलाद सिंह (निवासी कालिकांकर, जवाजा) और राकेश प्रजापत (निवासी चोपड़ा, पाली) से खरीदे गए थे। ये आरोपी एक संगठित सिंडिकेट (BNS धारा 111) बनाकर क्षेत्र में मोटी रकम लेकर अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे।

नेटवर्क में शामिल अन्य 2 आरोपी गिरफ्तार:

1-फिरोज पुत्र अब्दुल (कमालिया का बाड़िया, कोटड़ा): जवाजा पुलिस ने मामला दर्ज कर 1 अवैध पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

2-मोहन सिंह उर्फ मुन्ना (खियातों का बाड़िया, बोरवा): साकेतनगर पुलिस ने 1 अवैध पिस्टल व मैगजीन बरामद कर गिरफ्तार किया।

शातिर अपराधियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

: सुनील सिंह: नाबालिग अवस्था में बेंगलुरु में चोरी व आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज।

:फरार आरोपी प्रहलाद सिंह: साकेतनगर व जवाजा थानों में रंगदारी, जानलेवा हमला और मारपीट के 5 मामले दर्ज।

:फरार आरोपी राकेश प्रजापत: पाली, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर और बेंगलुरु में चोरी, एनडीपीएस (NDPS) और आर्म्स एक्ट के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज।

इस टीम को मिली सफलता
कार्रवाई में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर, साकेतनगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया, साइबर सेल प्रभारी सरफराज (सउनि), प्रकाशराम (सउनि), हैड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, राजाराम, कांस्टेबल प्रहलाद, तोगेश, जसराज, हनुमान सहाय, सुशील टोगस और नैना सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस की विशेष टीमें फरार सप्लायरों की तलाश में जुटी हैं।