:- बैठक में सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बनाई रणनीति, संगठन पदाधिकारियों ने शिक्षकों से जुटने का किया आह्वान
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।
स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालयी शिक्षा) जिला शाहपुरा का जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन आगामी 18 एवं 19 सितम्बर 2026 को कोटड़ी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर संगठन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर खंड कोटड़ी में संगठन पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की बैठक आयोजित हुई जिसमें सम्मेलन को सफल एवं भव्य बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुआ। बैठक में अजमेर संभाग संगठन मंत्री महेश कुमार शर्मा एवं जिलामंत्री अमर सिंह चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से जिला शैक्षिक सम्मेलन कोटड़ी में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में जिलेभर से शिक्षक एवं संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
संगठन की रीति-नीति पर हुई चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए अजमेर संभाग संगठन मंत्री महेश कुमार शर्मा ने संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति एवं शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षकों के हितों के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी प्रभावी भूमिका निभाना है। उन्होंने आगामी जिला सम्मेलन को संगठन की गतिविधियों को गति देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। वही जिलाध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि कोटड़ी में होने वाले जिला शैक्षिक सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और शिक्षक मिलकर कार्य करें। उन्होंने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारियों के साथ जुटने का आह्वान किया।
कोटड़ी में पहली बार जिला स्तरीय आयोजन को लेकर उत्साह
जिला शैक्षिक सम्मेलन को कोटड़ी में आयोजित किए जाने से स्थानीय शिक्षक समुदाय में भी उत्साह का माहौल है। बैठक में सम्मेलन की व्यवस्थाओं, संगठनात्मक तैयारियों तथा अधिक से अधिक शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। बैठक का सफल संचालन जिला कोषाध्यक्ष शांतिलाल पोखरना ने किया। इस अवसर पर कोटड़ी अध्यक्ष दुर्गेश कुमार शर्मा, सोजीराम माली, मुकेश कुमार तेली, सीताराम खटीक, महेन्द्र शर्मा, बाबू लाल, ओम प्रकाश धाकड़ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के माध्यम से शिक्षकों से जुड़े शैक्षिक एवं संगठनात्मक विषयों पर मंथन के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी चर्चा होने की उम्मीद है। संगठन पदाधिकारियों ने जिलेभर के शिक्षकों से सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
फोटो
