:- बुधवार को होगी नामांकन पत्रों की जांच, गुरुवार को नाम वापसी के बाद बंटेंगे चुनाव चिह्न; फिर साफ होगी चुनावी तस्वीर
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|पंचायतराज आम चुनाव 2026 के तहत पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशियों की संख्या सामने आने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति कोटड़ी के 27 वार्डों में नामांकन को लेकर दावेदारों ने अपनी ताल ठोकी है। वार्डवार स्थिति देखें तो वार्ड संख्या 10 में सर्वाधिक 11 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। वार्ड 26 में 10, वार्ड 9 में 9 तथा वार्ड 8, 11, 24 और 25 में 8-8 प्रत्याशियों के नामांकन दर्ज हुए हैं। वही वार्ड 21 और 22 में 7-7 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। वार्ड 1, 7, 18, 20 और 23 में 6-6 प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 2, 4, 12, 14, 15, 17 और 19 में 5-5 प्रत्याशी हैं। वार्ड 3, 6, 13, 16 और 27 में 4-4 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। वहीं वार्ड संख्या 5 में सबसे कम 3 प्रत्याशी हैं।
बुधवार को जांच, गुरुवार को नाम वापसी
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में शेष रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। अब राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजर नामांकन पत्रों की जांच तथा नाम वापसी पर रहेगी। इसके बाद ही पता चलेगा कि 27 वार्डों में कितने प्रत्याशी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहेंगे। उपखण्ड कार्यालय परिसर में दिनभर नामांकन करने वाले प्रत्याशी समर्थकों के साथ उपखण्ड कार्यालय पहुच कर अधिकारी प्रीति मीणा को सोपे। नामांकन की तस्वीर साफ होते ही दोनो पार्टी के पदाधिकारी व सदस्य निर्दलीय आवेदन करने वालो से संपर्क कर नाम वापसी के लिए मान-मनुहार करने में जुटे नजर आने लगे है।