मंगरोप@मुकेश खटीक।मंगरोप क्षेत्र के खातीखेड़ा गांव निवासी एक किसान ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए गुरुवार को जिला कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।किसान का आरोप है कि जमीन के एक हिस्से पर कब्जा कर उसे और उसके परिवार को खेत में प्रवेश करने से रोका जा रहा है तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकियां दी जा रही हैं।खातीखेड़ा निवासी गोपाल बैरवा पुत्र बरदा बैरवा ने जिला कलेक्टर को दिए ज्ञापन में बताया कि राजस्व ग्राम खातीखेड़ा,पटवार हल्का मंगरोप स्थित उसकी खातेदारी भूमि खाता संख्या नया 33 एवं पुराना 64 में दर्ज है।आर्थिक परिस्थितियों के चलते वर्ष 2010 में उसने अपनी भूमि में से एक बीघा जमीन विनोद खटीक पुत्र कैलाश खटीक को बेची थी।बाद में उक्त भूमि को विनोद खटीक ने शिवराम खटीक निवासी भीलवाड़ा को बेच दी।प्रार्थी का आरोप है कि खरीदी गई भूमि के अतिरिक्त शिवराम खटीक ने उसकी शेष बची जमीन के हिस्से पर भी अवैध कब्जा कर लिया है।किसान का कहना है कि उक्त भूमि में वर्षों पुराना झुंझार जी का देवस्थान स्थित है,जहां परिवार पूजा-अर्चना के लिए जाता रहा है,लेकिन अब वहां जाने से रोका जा रहा है।खेत के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया गया है,जिससे परिवार देवस्थान तक भी नहीं पहुंच पा रहा है।ज्ञापन में किसान ने आरोप लगाया कि कब्जाधारी द्वारा जेसीबी मशीन से खेत के आसपास स्थित छायादार वृक्ष भी हटवा दिए गए तथा देवस्थान को भी हटाने का प्रयास किया गया।इससे ग्रामीणों और परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।गोपाल बैरवा ने बताया कि भूमि विवाद और लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।उन्होंने कहा कि वे और उनकी पत्नी लंबे समय से परेशान हैं,जबकि उनका पुत्र भी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है। अवैध कब्जे के कारण कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।प्रार्थी ने जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर उसकी खातेदारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।किसान ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।
