पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । कारोई थाना क्षेत्र के बाघपुरा गांव के पास स्थित एक कुएं में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बाघपुरा निवासी मांगी देवी पत्नी रामलाल ओड (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मांगी देवी 3 तारीख से रहस्यमयी परिस्थितियों में अपने घर से लापता थीं। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
परिजनों की रिपोर्ट पर कारोई थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर गुमशुदगी दर्ज की ही थी, लेकिन जांच शुरू होने से पहले ही सोमवार शाम गांव के समीप एक कुएं में उक्त महिला मांगी देवी का शव तैरता हुआ मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी अर्जुन गुर्जर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। साथ ही मृतका के पीहर पक्ष को भी सूचना दी गई।
मंगलवार को पीहर पक्ष के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
