बारिश में कट जाता है संपर्क, मरीजों और विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी; सुनारी से बोलिया बुजुर्ग तक सड़क बनाने की मांग
सुनेल 5 जुलाई।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत सांगरिया के अंतर्गत आने वाले गांव सुनारी के ग्रामीणों ने सुनारी से बोलिया बुजुर्ग तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर झालावाड़ को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से सड़क नहीं होने के कारण हजारों लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव सुनारी, सांगरिया से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित है। सड़क के अभाव में ग्रामवासियों को ग्राम पंचायत, स्कूल, अस्पताल और अन्य सरकारी सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है। बारिश के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और लोगों का आवागमन लगभग ठप पड़ जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और बुजुर्गों को समय पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार सड़क और वाहन सुविधा के अभाव में गंभीर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की है।
