लाडपुरा: भैरूजी मंदिर के पास एनिकट में रातों-रात 500 मछलियों की मौत, पानी में जहर मिलाने की आशंका
लाडपुरा (शिव लाल जांगिड़ / स्मार्ट हलचल)। कस्बे के लाडपुरा चौराहा और भैरूजी मंदिर खाल के समीप स्थित एनिकट में एक साथ भारी संख्या में मछलियों की मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। रातों-रात करीब 500 से ज्यादा मछलियां मृत अवस्था में पानी पर तैरती हुई पाई गईं, जिसे देखकर ग्रामीणों में भारी रोष और चिंता व्याप्त हो गई है। एक साथ इतनी बड़ी जल त्रासदी होने से पारिस्थितिकी तंत्र पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ऑक्सीजन की कमी या पानी में मिलाया गया कीटनाशक?
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मछलियों के मरने को लेकर दो तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि भयंकर जल प्रदूषण के कारण पानी में ऑक्सीजन की भारी कमी हो गई, जिससे मछलियों का दम घुट गया। वहीं, दूसरी ओर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि एनिकट में एक साथ 500 मछलियों का मरना सामान्य बात नहीं है। यह किसी अज्ञात व्यक्ति की करतूत हो सकती है, जिसने रात के अंधेरे में खाल के पानी में कोई जहरीला पदार्थ या कीटनाशक दवा मिला दी हो।
पानी के सैंपल लेकर निष्पक्ष जांच की मांग
लाडपुरा खाल में भारी मात्रा में मृत मछलियों के पाए जाने के बाद आसपास के इलाके में भीषण दुर्गंध फैलने और महामारी का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत घटनास्थल का मौका मुआयना करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी का सैंपल लेकर जांच की जाए और मृत मछलियों को वहां से हटवाया जाए। यदि यह साबित होता है कि पानी में जानबूझकर कीटनाशक डाला गया है, तो अज्ञात दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
