लाडपुरा ग्रामीण शिविर में हंगामा: जमीन विवाद में युवक से मारपीट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, SDM को सौंपा ज्ञापन
लाडपुरा, 29 जून 2026। राजस्थान सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत सोमवार को लाडपुरा ग्राम पंचायत के सामुदायिक भवन में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर के दौरान जमीन विवाद में एक युवक से मारपीट के मामले को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए एसडीएम व शिविर प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। मुख्य अतिथि मुकेश खंडेलवाल ने इस मामले में अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में श्यामलाल अहीर भी बतौर अतिथि उपस्थित रहे।

शिविर में मांडलगढ़ उपखण्ड अधिकारी की मौजूदगी में नारायण गुर्जर की सुपुत्री प्रीति गुर्जर का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया और उसे ₹2500 का चेक दिया गया। इसका उद्देश्य बाल लिंगानुपात के अंतर को कम करना है। वहीं चिकित्सा विभाग के डॉ. राहुल चौधरी ने दो टीबी मरीजों को किट वितरित किए। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आधार, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी आवश्यक सेवाएं दी गईं।
इस अवसर पर शिविर में ग्राम पंचायत प्रशासक प्रकाश कंवर शक्तावत ,प्रभारी प्रभु लाल धाकड़, वीडीओ रतिराम मीणा, पटवारी रामबृर्वेदर गुर्जर, कृषि पर्यवेक्षक रामेश्वरलाल गुर्जर, सहायक सचिव भागीरथ मीणा, पशुधन निरीक्षक देवेंद्र शर्मा, उपसरपंच मोहनलाल धाकड़ व समस्त वार्डपंचगण सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी व ग्रामवासी मौजूद थे।
