लखीमपुर खीरी को मिला अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन,यातायात नियम तोड़ने वालों पर रहेगी डिजिटल निगरानी

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ओवरस्पीडिंग पर होगी तत्काल कार्रवाई

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग को अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर से वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है, जिसमें स्पीड रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) प्रणाली सहित कई डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनकी सहायता से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की पहचान, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की निगरानी तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी है। इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से ऐसे वाहन चालकों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और नियमों का पालन कराने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षित यात्रा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह वाहन जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त करेगा। वाहन की मदद से नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ-साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।