NEET-UG में ललित कुमार ने हासिल की सफलता, सैनिक परिवार के दोनों बेटे बनेंगे डॉक्टर

जालोर/रानीवाड़ा। स्मार्ट हलचल|तहसील के गांव पंसेरी के सैनिक परिवार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पूर्व NSG (ब्लैक कैट कमांडो) एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में निरीक्षक/जीडी रहे स्वर्गीय श्री रमनभाई पिराजी परमार के छोटे पुत्र ललित कुमार (कुश) परमार ने NEET-UG परीक्षा में 533 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (SC) 1574 हासिल करते हुए एमबीबीएस के लिए चयन सुनिश्चित किया है।
ललित कुमार की इस सफलता से परिवार सहित पूरे गांव पंसेरी और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सैनिक परिवार के अनुशासन, राष्ट्रसेवा के संस्कार और कठिन परिश्रम की प्रेरणा के बीच पले-बढ़े ललित ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि अर्जित की है।
परिवार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि उनके बड़े भाई लक्ष्मण रमनभाई परमार वर्तमान में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। एक ही परिवार के दोनों पुत्रों का चिकित्सा क्षेत्र में प्रवेश करना गांव और क्षेत्र के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय बना हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों ने ललित कुमार को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास जताया कि वे एक योग्य, संवेदनशील और सेवाभावी चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे।