आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक लगाया ब्रेक, पीछे से आई कार ट्रेलर से टकराई, कार के उड़े परखच्चे

भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे पर सनोदिया के पास रविवार को सुबह ट्रेलर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कार उसमें घुस गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत हाईवे एंबुलेंस से रायला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। टक्कर के बाद एक व्यक्ति कार में बुरी तरह फंस गया, जिसे हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने फाटक को गैस कटर से काटकर बाहर निकाला। बाद में उसे 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल रायला भेजा गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हाईवे पेट्रोलिंग टीम के इंसिडेंट मैनेजर लादूराम जाट, रूट पेट्रोलिंग ऑफिसर कन्हैयालाल, रोड पेट्रोलिंग ड्राइवर हरफूल और हेल्पर अभिषेक ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। टीम ने मिडिल लाइन व स्लो लाइन पर सेफ्टी लगाकर ट्रैफिक को सुचारू रूप से चालू करवाया।