न्यायाधीश बृजपाल दान चारण ने विद्यार्थियों को बताए सुरक्षा एवं संरक्षण के अधिकार, कहा—बिना भय अपनी समस्याएं बताएं बच्चे
चौमहला
स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झालावाड़ के निर्देशानुसार बुधवार को सुरक्षित बचपन अभियान के तहत न्याय क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गोलखेड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति चौमहला के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री बृजपाल दान चारण ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
शिविर का मुख्य विषय “बोलो, बताओ और बचाओ—सुरक्षा और संरक्षण, हर बच्चे का अधिकार” रहा। इस दौरान न्यायाधीश ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना किसी भय के उसकी जानकारी संबंधित व्यक्ति को देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय भवन, शौचालय, खेल मैदान, पेयजल व्यवस्था अथवा निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार से संबंधित कोई समस्या हो तो विद्यार्थी अपने प्रधानाध्यापक, शिक्षक या अभिभावक को इसकी जानकारी दें। इसके अलावा ‘कोर्ट वाली दीदी’ की शिकायत पेटी के माध्यम से भी अपनी शिकायत पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों के अधिकारों के संरक्षण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समिति के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
बच्चों को कानून और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को अपहरण, व्यपहरण, बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, साइबर अपराध, शारीरिक एवं यौन दुर्व्यवहार तथा मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न जैसे गंभीर विषयों की जानकारी दी। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन एवं तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया।
इस दौरान पॉक्सो अधिनियम-2012, किशोर न्याय अधिनियम, स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) तथा भारतीय न्याय संहिता-2023 सहित विभिन्न कानूनों की जानकारी देकर बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।