संस्कारों की परंपरा के साथ लायंस क्लब टेक्सटाइल सिटी *का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

35 जरूरतमंद महिलाओं को राशन किट वितरित, निभाया सामाजिक दायित्व, पांच सदस्यों को मिला एमजेएफ सम्मान

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|लायंस क्लब भीलवाड़ा टेक्सटाइल सिटी के सत्र 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह होटल पीएफसी गार्डन में संस्कार एवं सेवा की भावना से ओतप्रोत वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में सामाजिक सरोकार, राष्ट्रभक्ति और सेवा के मूल्यों को केंद्र में रखते हुए नई टीम ने वर्षभर जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। पदस्थापना अधिकारी एमजेएफ पीडीजी लॉयन श्यामसुंदर मंत्री ने नव निर्वाचित अध्यक्ष सत्यनारायण मंत्री, सचिव प्रकाश जोशी, कोषाध्यक्ष रमेश काकरवाल सहित क्लब की नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को भारत माता एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के पूजन तथा कलश स्थापना के साथ अपनी विशिष्ट एवं प्रेरणादायी शैली में शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संस्कार, सेवा, समर्पण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ निशांत जैन रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पीडीजी दिलीप तोषनीवाल, संभागीय अध्यक्ष पवन पवार तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष कैलाश काबरा उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी, क्लब सदस्य एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक समारोह में शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह के साथ क्लब ने अपनी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 35 विधवा एवं पराश्रित महिलाओं को एक माह के उपयोग की संपूर्ण राशन किट वितरित की। इस सेवा कार्य की सभी अतिथियों ने सराहना करते हुए क्लब की सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की तथा विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी आगामी वर्ष में सेवा, संस्कार और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी। इस अवसर पर वर्षभर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले सदस्यों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन डॉ. निशांत जैन द्वारा प्रांतीय पिन प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही क्लब में चार नए सदस्यों का स्वागत किया गया तथा पांच सदस्यों के एमजेएफ (मेल्विन जोन्स फेलो) बनने की घोषणा की गई। एमजेएफ सम्मान प्राप्त करने वाले सदस्यों में लॉयन अनिल गग्गड़, विजय डाड, कैलाश काबरा, चांदमल सोमानी एवं जितेंद्र सालेचा शामिल रहे। पदस्थापना अधिकारी लॉयन श्यामसुंदर मंत्री ने लॉयन अनिल गग्गड़ को संस्कार दिवस के सफल आयोजन तथा लॉयन चांदमल सोमानी को सत्र 2024-25 में चारभुजा में उत्कृष्ट कैबिनेट मीटिंग आयोजित करने पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के अंत में क्लब के पूर्व अध्यक्ष लॉयन अनिल गग्गड़ ने सभी अतिथियों, आगंतुकों एवं सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का समापन सेवा, संस्कार और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ हुआ।