हस्तशिल्प, बनारसी साड़ियों और खान-पान की वस्तुओं ने खींचा आकर्षण,
भीलवाड़ा
स्मार्ट हलचल|शहर के ग्रामीण हाट में जिला उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से सात दिवसीय ग्रामीण हाट बाजार का शुभारंभ हुआ। बाजार में 60 से अधिक उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों की स्टॉलें सजाई हैं। यहां स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और घरेलू स्तर पर तैयार वस्तुओं की आकर्षक श्रृंखला लोगों का ध्यान खींच रही है।
ग्रामीण हाट बाजार में विभिन्न प्रकार के परिधान, बनारसी साड़ियां, खान-पान की वस्तुएं, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बाजार में नई पहचान मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो।
सात दिवसीय यह बाजार प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगा। मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे शहरवासियों को खरीदारी के साथ स्थानीय कला और संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीण हाट बाजार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ छोटे कारोबारियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए विपणन के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय हुनर को पहचान मिलने के साथ रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।