पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी प्रक्रिया टली-नई तारीखों का होगा ऐलान,

17 व 18 सितंबर को प्रस्तावित जिला एवं उपखंड स्तर की आरक्षण लॉटरी नगरीय निकाय चुनाव के चलते टली

जयपुर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनाव को लेकर प्रस्तावित आरक्षण/लॉटरी प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के उपायुक्त एवं उप शासन सचिव (प्रथम) जसवंत सिंह ने मंगलवार, 15 सितम्बर को राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी है।
विभागीय पत्र के अनुसार जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य के आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर 2026 तथा उपखंड स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच के आरक्षण की लॉटरी 18 सितंबर 2026 को निकाली जानी प्रस्तावित थी। विभाग ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के चुनाव का कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। इसके तहत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्रों की समीक्षा 17 सितंबर, चुनाव चिह्न आवंटन 18 सितंबर, मतदान 21 सितंबर तथा उपाध्यक्ष पद के चुनाव 22 सितंबर 2026 को निर्धारित हैं।
समस्त जिला कलेक्टरों ने अवगत कराया है कि नगरीय निकाय चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी की प्रक्रिया एक साथ होने से प्रशासनिक स्तर पर परेशानी उत्पन्न होगी। इसी को देखते हुए 17 एवं 18 सितंबर को प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी को आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद पंचायती राज विभाग ने स्पष्ट किया है कि लॉटरी की नई तारीखें निर्धारित होने के बाद जिला कलेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों को अलग से सूचित किया जाएगा। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी पंचायती राज आम चुनाव 2026 से संबंधित गतिविधियां प्रदर्शित की जा रही हैं।
*खबर का असर:*
पंचायती राज चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों की निगाह अब आरक्षण लॉटरी की नई तारीख पर टिकी है। नई तारीख घोषित होने के बाद जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच एवं वार्ड पंच पदों की आरक्षण स्थिति स्पष्ट होगी।