महनपुर क्रिकेट प्रतियोगिता में बामनवास बनी चैंपियन, 51 रन से दर्ज की शानदार जीत

कुमार अंकेश

बानसूर|स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के ग्राम महनपुर में 3 जून से चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल में बामनवास और महनपुर की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बामनवास टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए और महनपुर के सामने 151 रन का लक्ष्य रखा‌।जवाब में महनपुर की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 12 ओवर में 99 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह बामनवास टीम ने 51 रन से शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। आयोजक सुखराम मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 27 टीमों ने भाग लिया, जिससे क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला। समापन समारोह में विजेता बामनवास टीम को ट्रॉफी एवं 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार तथा उपविजेता महनपुर टीम को मोमेंटो और 3100 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर ग्रामीणों ने आयोजकों की सराहना की। इस दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी व ग्रामीण मौजूद रहें।