महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने पर उदयपुर में होगा भव्य आयोजन

चित्तौड़गढ़ में बैठक आयोजित, पोस्टर विमोचन कर तैयारियों को दी गई गति

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष (सार्द्ध चतुःशती) पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 17 जून को उदयपुर में आयोजित होने वाले विशाल समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में चामटी खेड़ा रोड स्थित संघ कार्यालय ‘वसुधा’ में नगर खंड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान आयोजन के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने 17 जून को उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में होने वाले समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के नगर खंड संयोजक रवि वीरानी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ नगर से अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा व्यापक जनसंपर्क के लिए विभिन्न टोलियों का गठन किया गया है।

सह संयोजक श्रवण सोनी एवं मनोज साहू ने बताया कि 17 जून को प्रातः 9:30 बजे आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूजनीय सरसंघचालक माननीय मोहनराव भागवत मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनका उद्बोधन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देगा।

आयोजन समिति ने चित्तौड़गढ़ नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं मातृशक्ति से आह्वान किया है कि वे इस गौरवशाली ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उदयपुर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है तथा उनकी हल्दीघाटी विजय की 450वीं वर्षगांठ का यह आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।