योग प्रशिक्षकों ने किया योग गतिविधियों के बहिष्कार का ऐलान

फूल टाइम नियुक्ति और वेतनवृद्धि की मांग को लेकर 11 से 21 जून तक रहेगा कार्य बहिष्कार

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। फूल टाइम नियुक्ति एवं वेतनवृद्धि की मांगों पर अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं होने से नाराज आयुर्वेद योग प्रशिक्षकों ने आगामी 11 जून से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक योग गतिविधियों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। इस संबंध में अखिल राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर एवं आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।

महासंघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत प्रदेशभर में लगभग 3700 महिला एवं पुरुष योग प्रशिक्षक पिछले पांच वर्षों से राजकीय आयुर्वेद औषधालयों में पार्ट टाइम सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में महिला योग प्रशिक्षकों को 5 हजार रुपये तथा पुरुष प्रशिक्षकों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जिसे प्रशिक्षकों ने अपर्याप्त बताया है।

योग प्रशिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से मानदेय वृद्धि और फूल टाइम नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार शांतिपूर्ण आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री, आयुष मंत्री और विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि मांगों की अनदेखी के विरोध में समस्त योग प्रशिक्षक 11 जून से 21 जून तक योग गतिविधियों का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षकों के भविष्य और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव एवं जिलाध्यक्ष शुभम कुमार चंदेल, तेजप्रकाश, गंगासिंह, देवेन्द्र सिंह, राहुल सिंह, प्रमोद कुमार, अभिषेक, कान्ता कुमारी, शांति छीपा, करूणा, आशा जाट, शर्मिला शर्मा, विकास कुमारी सहित कई योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे।