राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं शास्त्री जयंती पर प्रभात फेरी एवं रामधुनी सहित हुए विभिन्न कार्यक्रम

(अमर चन्द बैरवा)

स्मार्ट हलचल।दौसा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित गांधी सर्किल पर प्रभात फेरी, रामधुनी एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, धर्मगुरुओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने सहभागिता कर गांधीजी एवं शास्त्रीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित एवं नगर परिषद सभापति रेखा गुर्जर ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सूत की माला पहनाई तथा गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत पीजी कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी गांधी सर्किल पहुंची, जहां विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कला जत्था टीम एवं लोक कलाकारों ने ‘हर मजहब जिसको प्यारा, वो इंसान चाहिए…’, ‘राम है तू, रहीम है…’ सहित विभिन्न भजनों एवं रामधुनी की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु भी उपस्थित रहे। धर्मगुरुओं ने अपने उद्बोधन में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए कहा कि प्राणी मात्र के प्रति दया, समाज के कल्याण तथा एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव सभी में होना चाहिए।

*गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने का आह्वान*

जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के मूलमंत्र को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने गांधीजी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भी कोई निर्णय लें, तो उस सबसे गरीब और लाचार व्यक्ति का चेहरा याद करें जिसे हमने कभी देखा हो और स्वयं से पूछें कि हमारे द्वारा उठाया जाने वाला कदम उसके लिए कितना उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी के इस विचार को अपने जीवन में अपनाकर हम समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की दिशा में सार्थक योगदान दे सकते हैं।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी संजू मीणा, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी रामराज मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शारीरिक शिक्षक, विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामवीर चौधरी ने किया।