दिनेश लेखी
कठूमर। स्मार्ट हलचल।कठूमर पंचायत समिति के सरपंच संघ अध्यक्ष जोरमल जाटव के नेतृत्व में क्षेत्र के सरपंचों एवं पंचायती राज जनप्रतिनिधियों ने शुक्रवार को जयपुर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर के तक्षशिला ऑडिटोरियम में आयोजित ‘पंचायती राज जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम’ में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर से आए सरपंचों एवं पंचायती राज प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के विकास में सरपंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्र का गरीब, मजदूर और किसान अपनी समस्याओं व उम्मीदों को लेकर सबसे पहले सरपंच के पास पहुंचता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों से आए सरपंचों ने अपने क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी साझा की। इस दौरान आगामी पंचायत चुनावों को ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ की अवधारणा के अनुरूप एक साथ कराने तथा ग्रामीण विकास की निरंतरता बनाए रखने को लेकर भी चर्चा हुई।
कठूमर पंचायत समिति के सरपंच संघ के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीण विकास, पंचायतों की भूमिका और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर संवाद किया।
इस मौके पर सरपंच संघ के टिटपुरी प्रशासक हरवीर चौधरी, कल्लूराम चौधरी बेरका, प्रशांत सिंह खेरली रेल, दिनेश चंद टिकरी, खेमा यादव बहतुकला, श्रीमान सौंख आदि मौजूद रहे।