(पंकज पोरवाल)
136वीं पुण्यतिथि पर फुले सर्कल पर किया माल्यार्पण, नारी शिक्षा और सामाजिक उत्थान में योगदान को किया याद
समाज में व्याप्त कुरीतियां मिटाकर शिक्षित और जागरूक समाज का निर्माण जरूरी: राजकुमार माली
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|समाज में शिक्षा, समानता और जागरूकता की अलख जगाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया। महात्मा ज्योतिबा फुले माली सेवा संस्थान की ओर से उनकी 136वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया। नेहरू रोड स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले सर्कल पर आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने नारी शिक्षा, सामाजिक समानता और समाज उत्थान के लिए महात्मा फुले द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। संस्था सचिव एडवोकेट राजकुमार माली ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कर शिक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना समय की आवश्यकता है। सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में जागृति लाकर ही वास्तविक सामाजिक क्रांति संभव है। शिक्षा और एकता के माध्यम से महात्मा फुले के सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर अध्यक्ष बद्रीलाल पारेता, जिलाध्यक्ष नंदलाल माली, पूर्व पार्षद दौलत माली, दिनेश माली, गौरीशंकर माली, रामेश्वर माली, चांदमल माली सहित सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे।