निंबाहेड़ा, 18 जून। स्मार्ट हलचल।माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी महोत्सव के तहत पांच दिवसीय विविध धार्मिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतर्गत माहेश्वरी यूथ सोसायटी द्वारा आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग (एमपीएल) सीजन-1 को समाजजनों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिल रहा है।
माहेश्वरी यूथ सोसायटी के अध्यक्ष मनीष सोनी ने बताया कि एमपीएल सीजन-1 में आठ टीमों ने भाग लिया। लीग मुकाबलों के बाद चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची, जिनके बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता से पूर्व 72 खिलाड़ियों का ऑक्शन आयोजित कर आठ टीमों का गठन किया गया। इसके अलावा बैडमिंटन, जूनियर क्रिकेट एवं महिलाओं की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई हैं।
महेश नवमी महोत्सव संयोजक अरविंद मूंदड़ा ने बताया कि शुक्रवार से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। पहले दिन धार्मिक प्रश्नोत्तरी, मेहंदी प्रतियोगिता, लड्डू गोपाल ड्रेस डेकोरेशन, हाउजी, करियर काउंसलिंग एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।
दूसरे दिन कैरम, शतरंज, रंगोली, वन मिनट शो, विचित्र वेशभूषा प्रतियोगिता, अंताक्षरी एवं पर्सनालिटी डेवलपमेंट सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। तीसरे दिन नि:शुल्क चिकित्सा एवं जांच शिविर के साथ महिलाओं की म्यूजिकल चेयर रेस एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता होगी।
चौथे दिन बालक-बालिकाओं की दौड़, साइकिल रेस, महिलाओं की कलश सज्जा एवं हस्तनिर्मित आभूषण प्रतियोगिता के साथ भजन अंताक्षरी एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
माहेश्वरी समाज अध्यक्ष उमेश तोतला ने बताया कि 21 जून को आदर्श कॉलोनी स्थित महेश भवन में प्रातः 8 बजे से विशाल नि:शुल्क चिकित्सा एवं जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में 20 वर्ष से अधिक आयु के समाजजनों की लिपिड प्रोफाइल जांच नि:शुल्क की जाएगी।
उन्होंने बताया कि महेश नवमी के अवसर पर 23 जून को शाम 4 बजे हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन महेश भवन में होगा। इसके पश्चात सम्मान समारोह आयोजित कर समाज के प्रतिभावान एवं विशिष्टजनों का सम्मान किया जाएगा।
