महेश नवमी शोभायात्रा में चंद्रशेखर आजाद नगर महिला मंडल द्वारा शिव परिवार की सजीव झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

स्मार्ट हलचल।महेश नवमी पर्व के अवसर पर माहेश्वरी समाज द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा में चंद्रशेखर महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत शिव परिवार की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति एवं धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत स्वरूप से शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए।मीडिया प्रभारी अंकित सोमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय महिला अध्यक्ष चंदा जागेटिया एवं सचिव ललित राठी के नेतृत्व में शिव परिवार की भव्य झांकी तैयार कर आकर्षक बग्गी में विराजित की गई। झांकी को देखने के लिए मार्गभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही तथा सभी ने इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।

झांकी के निर्माण एवं संचालन में मीनल काबरा, शिल्पा बसेर, पार्वती पटवारी, अनीता बांगड़, रीना बाहेती, रेखा हेडा, राधा तोतला, कृष्णा जागेटिया सहित महिला मंडल की अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

सजीव झांकी में भगवान शिव के रूप में इशिता माहेश्वरी, माता पार्वती के रूप में अविका काबरा, भगवान गणेश के रूप में यशवी लड्ढा, रिद्धि-सिद्धि के रूप में खुशी एवं आस्था तथा भगवान कार्तिकेय के रूप में काव्या माहेश्वरी ने मनोहारी प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव से सुसज्जित इस झांकी ने शोभायात्रा को भव्य एवं यादगार स्वरूप प्रदान किया।