आसींद / रायला। शंभूगढ़ थाना पुलिस ने रानीखेड़ा के जंगल में मिले महिला के शव मामले का त्वरित खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में मृतका के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद हत्या की वजह सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका मंजू देवी (30) पत्नी सुखदेव रेगर, निवासी दौलतपुरा की ढाणी, थाना शंभूगढ़, 9 जुलाई से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी शंभूगढ़ थाने में दर्ज थी। मंगलवार को रानीखेड़ा के जंगल में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी जगदीश बैरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने अवैध संबंधों के शक और आपसी विवाद के चलते गमछे से गला घोंटकर मंजू की हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
घटना के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, रायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में आरोपी के साथ किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
