सर्दियों में अच्छे स्वास्थ्य के लिए खानपान पर दें विशेष ध्यान, पौष्टिक आहार से बनाए रखें शरीर की ताकत : डॉ. लियाकत अली मंसूरी

यूनानी चिकित्सा के अनुसार सर्दियों में अदरक, लहसुन, हल्दी, बादाम, अखरोट, खजूर, बाजरा और मौसमी फल-सब्जियों का सेवन फायदेमंद

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल।सर्दियों के मौसम में अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए खानपान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। ठंडी हवाओं के संपर्क में आने, खुले में यात्रा करने और बाइक चलाने के दौरान शरीर को ठंड से बचाना चाहिए। ठंड के मौसम में प्यास कम लगने के कारण कई लोग पर्याप्त पानी नहीं पीते, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। ऐसे में शरीर को पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक आहार देना आवश्यक है।
यूनानी चिकित्सक डॉ. लियाकत अली मंसूरी ने बताया कि यूनानी चिकित्सा पद्धति में सर्दियों का मिजाज सामान्यतया सर्द और खुश्क माना जाता है। इसलिए इस मौसम में ऐसे खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी जाती है, जो पौष्टिक हों, शरीर को ऊर्जा प्रदान करें और पाचन शक्ति (कुव्वत-ए-हाजिमा) को बेहतर बनाए रखने में सहायक हों।
सर्दियों में किन खाद्य पदार्थों का करें सेवन
डॉ. मंसूरी के अनुसार अदरक, लहसुन और हल्दी का भोजन में उपयोग करना चाहिए। ये पाचन में सहायक होते हैं। बादाम, अखरोट, खजूर और अंजीर जैसे सूखे मेवे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। तिल और गुड़ से ऊर्जा मिलती है। इसके अलावा गर्म सब्जियों का सूप, दालें और हल्का पौष्टिक भोजन भी आहार में शामिल करना चाहिए।
सर्दियों में खाने योग्य फल
आंवला विटामिन-सी का अच्छा स्रोत है। अनार एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। संतरा विटामिन-सी, अमरूद फाइबर एवं विटामिन-सी और सेब फाइबर प्रदान करता है। इन मौसमी फलों को नियमित आहार में शामिल किया जा सकता है।
इन सब्जियों को करें आहार में शामिल
सर्दियों में गाजर, मूली, शलजम, पालक, मेथी, सरसों का साग, शकरकंद और मटर का सेवन लाभकारी है। इनमें विभिन्न प्रकार के विटामिन, खनिज, फाइबर और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं।
सर्दियों में कौन-से अनाज खाएं। बाजरा ऊर्जा एवं फाइबर का अच्छा स्रोत है। मक्का, गेहूं, जौ और दलिया भी पौष्टिक आहार का हिस्सा हैं। इनका सेवन शरीर को ऊर्जा और जरूरी पोषण प्रदान करने में सहायक होता है। यूनानी चिकित्सा में इन खाद्य पदार्थों का विशेष महत्व
डॉ. मंसूरी ने बताया कि यूनानी चिकित्सा के पारंपरिक मिजाज सिद्धांत के अनुसार शहद, अदरक, दालचीनी, काली मिर्च और तिल को गर्म मिजाज का माना जाता है। वहीं बादाम, खजूर और घी को पौष्टिक एवं ऊर्जा प्रदान करने वाले खाद्य पदार्थों में शामिल किया जाता है। इनका सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, उम्र और शारीरिक क्षमता के अनुसार करना चाहिए।
सर्दियों में किन चीजों से करें परहेज
अत्यधिक ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें।
जरूरत से ज्यादा तली-भुनी चीजें न खाएं।
अत्यधिक मिठाइयों और गुड़ का सेवन सीमित रखें।
अधिक नमक और मिर्च-मसाले वाले भोजन से बचें।
जरूरत से ज्यादा भोजन न करें।
ड्राई फ्रूट्स और बीज भी हैं उपयोगी
सर्दियों में पालक, काजू, बादाम, मखाना, अखरोट, मूंगफली और अंडे को भी संतुलित आहार में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा कद्दू के बीज, चिया सीड्स और अलसी के बीज भी पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। इनमें प्रोटीन, विटामिन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, पोटेशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं।
सर्दियों में एक दिन का आदर्श आहार
डॉ. मंसूरी के अनुसार सर्दियों में दिनभर का आहार संतुलित और पौष्टिक होना चाहिए।
सुबह का नाश्ता: दूध या दलिया, 4-5 बादाम और एक मौसमी फल।
दोपहर का भोजन: बाजरे की रोटी, दाल, मौसमी सब्जी और सलाद।
शाम का नाश्ता: अदरक वाली चाय और भुने चने।
रात का भोजन: मूंग की दाल, रोटी और गर्म सब्जियों का सूप।
यूनानी चिकित्सा में आहार का विशेष महत्व
डॉ. मंसूरी ने बताया कि यूनानी चिकित्सा में विशेष आहार एवं पोषण को उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इसे इलाज-बिल-गिज़ा कहा जाता है। सर्दियों में भोजन का चुनाव करते समय व्यक्ति के मिजाज, उम्र, शारीरिक क्षमता, पाचन शक्ति और बीमारी को ध्यान में रखना चाहिए। साथ ही भोजन की उचित मात्रा और समय का भी विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, किडनी रोग और मोटापे से पीड़ित व्यक्तियों को गुड़, शहद, सूखे मेवे, नमक और घी का सेवन अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार करना चाहिए। इसके लिए चिकित्सकीय सलाह लेना उचित है। पर्याप्त पानी पीना और नियमित दिनचर्या बनाए रखना भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।