सहादत नगर बैरवा ढाणी में बदहाल सड़कें और नालियां, ग्रामीणों को कीचड़ व गंदे पानी से परेशानी

पूर्व सरपंच के कार्यकाल में बनी सीसी सड़कें और नालियां कुछ ही दिनों में टूटकर धंसीं, अब नव निर्वाचित सरपंच से ग्रामीणों को विकास कार्यों की उम्मीद

शिवराज बारवाल मीना

टोंक। स्मार्ट हलचल।जिले की पंचायत समिति उनियारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिलोता के सहादत नगर बैरवा ढाणी में सड़क और नालियों की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व सरपंच के कार्यकाल में निर्मित सीसी सड़कें और नालियां निर्माण के कुछ ही दिनों बाद टूटकर धंस गई थीं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उस समय भी सवाल उठे थे।
वर्तमान में हालात यह हैं कि ढाणी की बीच सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें गंदा पानी जमा रहता है। वहीं नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कीचड़ फैल रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी और कीचड़ के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं।
अब ग्राम पंचायत बिलोता की नव निर्वाचित सरपंच बीना कुमारी अमित मीणा एवं वार्ड पंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों को उम्मीद है कि सहादत नगर बैरवा ढाणी की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द कीचड़ निस्तारण, जल निकासी और क्षतिग्रस्त सीसी सड़क एवं नालियों की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण करवाया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग है कि मौके का निरीक्षण कराकर पूर्व में हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच भी करवाई जाए, ताकि सरकारी धन से हुए विकास कार्यों का लाभ वास्तविक रूप से ग्रामीणों को मिल सके।