टोंक में अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई-5 हजार का इनामी बदमाश किशन मोग्या गिरफ्तार,

 

डीएसटी टीम और सदर थाना पुलिस की संयुक्त दबिश-हथियारों का जखीरा बरामद-थार गाड़ी भी जप्त

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस की जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश किशन मोग्या और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में डीएसटी के साथ स्थानीय थाना सदर टोंक पुलिस की भी संयुक्त भूमिका रही।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) के निर्देशन में डीएसटी टीम ने चंदलाई रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध ब्लैक थार गाड़ी को रुकवाया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। जहां डीएसटी व पुलिस टीम ने 8 मुकदमों के आरोपी किशन मोग्या (28), निवासी चंदलाई, थाना सदर टोंक तथा उसके सहयोगी सोहिल उर्फ तोहिद (20) निवासी अल्लाहपुरा, थाना मेहंदवास जिला टोंक को गिरफ्तार किया है।
*पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड*
मुख्य आरोपी किशन मोग्या पर पूर्व में 8 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, चोरी, व अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वह पुलिस की सूची में इनामी अपराधी भी था। वहीं सोहिल उर्फ तोहिद के खिलाफ भी एक मामला दर्ज होना सामने आया है।
*बरामदगी का बड़ा खुलासा*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 अवैध हथियार (12 बोर पिस्टल, 12 बोर बंदूक, 2 टोपीदार बंदूक), 14 जिंदा कारतूस, 28 खाली खोल
294 जिंदा गोलियां, 9 डिब्बी छर्रे, 3 खून से सने चाकू, एक कुल्हाड़ी, अन्य औजार
ब्लैक थार गाड़ी, 4 मोबाइल व 43 हजार रुपए नकद
बरामद किए हैं।
*शिकार की बात कबूली*
पूछताछ में आरोपियों ने धारदार हथियारों पर खून लगे होने को लेकर पशुओं के शिकार की बात स्वीकार की है। मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है।
*संयुक्त कार्रवाई-लेकिन सवाल भी*
इस पूरे ऑपरेशन में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की ताबड़तोड़ कार्रवाई और थाना सदर टोंक पुलिस का संयुक्त प्रयास सामने आया है। लेकिन इतना बड़ा हथियारों का जखीरा मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं—कि आखिर इतने समय से आरोपी अवैध हथियारों के साथ सक्रिय कैसे रहे और स्थानीय थाना पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
*पुलिस की जांच जारी*
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।