“कुछ लोग सांचे में ढल जाते हैं, कुछ लोग सांचा ही बदल जाते हैं” — वैद्य हंसराज चौधरी
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले के लोकप्रिय पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के चित्तौड़गढ़ स्थानांतरण पर बुधवार को हरिशेवा धाम आश्रम में भावनाओं से भरा भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संतों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सैकड़ों नागरिकों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि एसपी यादव ने केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी ही नहीं निभाई, बल्कि आमजन के दिलों में भी खास जगह बनाई।
हरिशेवा धाम आश्रम में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज एवं हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश दास उदासीन के सानिध्य में एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव का शॉल ओढ़ाकर और रुद्राक्ष की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। जैसे ही संतों ने उन्हें आशीर्वाद दिया, पूरा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
पूर्व सभापति लक्ष्मीनारायण डाड के संयोजन में आयोजित समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल, जिला कलेक्टर जसमीत संधु, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, समाजसेवी रविंद्र जाजू, संत मायाराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच से वक्ताओं ने एसपी यादव के कार्यकाल को जनहित, संवेदनशीलता और सख्त कानून व्यवस्था का आदर्श उदाहरण बताया।
समारोह के दौरान श्री नवग्रह आश्रम सेवा संस्थान के संस्थापक वैद्य हंसराज चौधरी ने एसपी यादव की जमकर सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस और आम आदमी के बीच वर्षों से बनी दूरी को खत्म करने का काम किया। उन्होंने अपने भावुक संबोधन में एक शेर सुनाते हुए माहौल को भावनात्मक बना दिया—
“कुछ लोग आये थे और सांचे में ढल गये,
कुछ लोग आये थे सांचा ही बदल गये…”
उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र सिंह यादव ने अपने नाम के अनुरूप “धर्म के इंद्र” बनकर न्याय और सुरक्षा की मिसाल कायम की। उनके कार्यकाल में आमजन ने पुलिस को डर नहीं, भरोसे की नजर से देखना शुरू किया। यही वजह रही कि समारोह में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम में शहर की अनेक सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संस्थाओं की ओर से भी एसपी यादव का सम्मान किया गया। कई वक्ताओं ने कहा कि एक कड़क लेकिन संवेदनशील अधिकारी के रूप में यादव ने अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास का वातावरण तैयार किया।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने एसपी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए चित्तौड़गढ़ में भी उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में भावुकता, सम्मान और अपनत्व का अनूठा संगम देखने को मिला।