महवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे 5 युवक गिरफ्तार, दो थार और एक बाइक जब्त

टीकरी जाफरान रोड पर चला विशेष अभियान, पुलिस की सख्त चेतावनी—’स्टंट करने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा’

नीरज मीणा

महवा (दौसा)। स्मार्ट हलचल/जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर दौसा पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में महवा थाना पुलिस ने सार्वजनिक सड़कों पर जानलेवा स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ब्लैक थार एसयूवी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्टंटबाजी करने वाले युवाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जयपुर रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक दौसा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक सड़कों पर तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और खतरनाक स्टंट करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी महवा और थाना प्रभारी महवा की निगरानी में गठित पुलिस टीम ने 3 जुलाई को टीकरी जाफरान रोड पर सूचना के आधार पर दबिश दी। यहां कुछ युवक दो थार और एक मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट कर रहे थे, जिससे आम राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को घेर लिया और पांच युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं दोनों थार एवं मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की स्टंटबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे निर्दोष राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार किए गए युवकों में भरतपुर एवं दौसा जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस द्वारा सभी से पूछताछ की जा रही है कि वे पहले भी इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल रहे हैं या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और वायरल करने के उद्देश्य से तो स्टंटबाजी नहीं की जा रही थी।
दौसा पुलिस ने आमजन एवं युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि रोमांच या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना गंभीर अपराध है। ऐसे कृत्यों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।