अनिल कुमार
ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल।रायपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई एक बड़ी नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए महज कुछ ही दिनों में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 5 लाख रुपये का माल (सोने-चांदी के जेवरात और नकदी) बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
सोते रहे परिजन, चोर ने उड़ाया माल
पुलिस के अनुसार, पाबूर कीरों की ढाणी (रायपुर) निवासी ढगलाराम कीर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 15-16 मई की रात को उनका परिवार घर के बाहर, कमरे में और छत पर सो रहा था। देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर ने सूने कमरे और उसमें रखे लोहे के बक्से का ताला तोड़कर सोने की कंठी, टीका, जोधा बाली, चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए। सुबह जागने पर चोरी का पता चला, जिस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305ए के तहत मामला दर्ज किया।
फॉरेंसिक और तकनीकी टीम की मदद से दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया और वृताधिकारी बंशीलाल पाण्डर के निर्देशन में रायपुर थानाधिकारी राजूराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट अजमेर को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने पीड़ित के ही गांव के रहने वाले अशोक (29) पुत्र शेपाराम कीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी अशोक की निशानदेही पर शत-प्रतिशत के करीब माल बरामद कर लिया है, जिसमें शामिल हैं:
सोने की कंठी, टीका और जोधा बाली।
चांदी की पुनछा, 11 नग बिछुड़ियां और गले की चेन।
₹25,000 की नकदी।
वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (KA 68 E 9595)।
आरोपी भेजा गया जेल
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट (MJM बर) में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेसी वारंट) के तहत सब जेल जैतारण भेज दिया गया इस कार्रवाई को अंजाम देने में सउनि सुरेन्द्रसिंह, मुख्य आरक्षी भीखाराम, कॉन्स्टेबल अशोक (476) और अशोक (633) की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
