तिकुनिया क्षेत्र में विशेष अभियान, अवैध यात्री वाहनों व नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों पर भी चला शिकंजा
लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत गुरुवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शांति भूषण पाण्डेय के नेतृत्व में तिकुनिया क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न यात्री एवं स्कूली वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 28 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया, जबकि 43 वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ प्रवर्तन शांति भूषण पाण्डेय ने बताया कि प्रवर्तन दल ने थाना शारदानगर, ढकेरवा, पढ़ुआ, निघासन और सिंगाही क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन, क्षमता से अधिक सवारियां ढोना, ओवरलोडिंग, फिटनेस प्रमाणपत्र फेल होने तथा अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि जिला बस ऑपरेटर्स द्वारा स्टेज कैरिज मार्ग पर अवैध रूप से संचालित यात्री वाहनों की शिकायत परिवहन आयुक्त से की गई थी। इसी शिकायत के क्रम में अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य स्टेज कैरिज मार्ग पर अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा एवं परमिट शर्तों का उल्लंघन कर रहे यात्री वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान स्कूली वाहनों की भी जांच की गई। जांच में आधारशिला एकेडमी की बस सभी आवश्यक प्रपत्र अवैध पाए जाने के बावजूद बच्चों का परिवहन करती मिली, जिसे तत्काल निरुद्ध कर दिया गया। इसके अलावा गुरुनानक देव शिक्षा एकेडमी, तिकुनिया तथा एस.बी. मॉडर्न स्कूल के एक-एक वाहन के विरुद्ध भी चालान एवं निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल तीन स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की गई।
एआरटीओ शांति भूषण पाण्डेय ने आमजन से अपील की कि वे क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले अथवा फिटनेस एवं वैध प्रपत्रों के बिना संचालित वाहनों में यात्रा न करें। साथ ही स्कूल प्रबंधनों को चेतावनी दी कि फिटनेस या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बिना संचालित वाहनों से विद्यार्थियों का परिवहन न कराया जाए। यदि ऐसे वाहन से कोई दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन की होगी और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
