मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा प्रहार

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|जिले में मिलावटखोरी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि 90 किलो से अधिक अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही जब्त कर नष्ट करवाई गई।
जिला कलेक्टर जसमीत
सिंह सन्धु के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने त्रिवेणी चौराहा स्थित किरण गोल्ड टी कम्पनी पर निरीक्षण कर बासमती चावल का नमूना लिया। यहां करीब 50 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे जब्त कर नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में बीगोद स्थित
पवन किराना स्टोर से तिल्ली तेल का नमूना लिया गया तथा लगभग 40 किलो अवधिपार सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। वहीं त्रिवेणी चौराहा स्थित
गंगा जनरल स्टोर से सोयाबीन तेल का नमूना संग्रहित किया गया।
विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि जिले में मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और गुणवत्ता जांचने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग को देने का आग्रह किया।