मालपुरा शहर के वार्ड 32 में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण शुरू,
* अतिक्रमण हटाकर नगरपालिका ने शुरू करवाया निर्माण कार्य-आमजन को आवागमन और जल निकासी की समस्या से मिलेगी राहत
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल।मालपुरा शहर के वार्ड संख्या 32 में विकास कार्यों को गति देते हुए नगरपालिका प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया है। लंबे समय से प्रस्तावित इन कार्यों के शुरू होने से वार्डवासियों को आवागमन और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए नगरपालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आवश्यक कदम उठाए। नगरपालिका अध्यक्ष जिनेन्द्र मेन्दवास्या के निर्देशानुसार अधिशासी अधिकारी रामजीत चौधरी, एईएन चन्द्रप्रकाश चौधरी, जमादार मंगलेश एवं बजरंग गुर्जर सहित नगरपालिका कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
सड़क चौड़ीकरण होने से वार्डवासियों एवं राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं नाला निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी तथा बरसाती पानी की निकासी में भी राहत मिलेगी। नगरपालिका अध्यक्ष जिनेन्द्र मेन्दवास्या ने शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति देने की बात कही। नगरपालिका प्रशासन द्वारा वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे शहर की व्यवस्थाओं में सुधार हो सके।