मांडलगढ़ ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: अफीम का लालच देकर दोस्त का रेता गला, 4 कातिल गिरफ्तार

मांडलगढ़ (भीलवाड़ा)। मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के खंगारजी का खेड़ा के सुनसान जंगल में 18 अप्रैल को मिले अज्ञात शव (ब्लाइंड मर्डर) की गुत्थी को भीलवाड़ा पुलिस और साइबर सेल ने सुलझा लिया है। अफीम देने का लालच देकर जालौर के एक युवक को मांडलगढ़ बुलाया गया और फिर विश्वासघात करते हुए उसके ही दोस्त ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उसका गला रेत दिया। हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए पत्थर से उसका सिर कुचल दिया और 70 हजार रुपये व सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दवा की शीशी से मिला सुराग, जालौर तक पहुंची पुलिस

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 18 अप्रैल 2026 को खंगारजी का खेड़ा में एक शव मिला था। मृतक का गला धारदार हथियार से कटा था और सिर पर पत्थर पटका गया था। पुलिस को मृतक की पैंट की जेब से ‘अर्बुदा फार्मेसी कामिनी विद्रावण रस’ नामक आयुर्वेदिक दवाई की एक छोटी डिब्बी मिली। पुलिस जांच में यह दवा जालौर जिले के भीनमाल क्षेत्र की निकली। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने जालौर की गुमशुदगियों से मिलान कर मृतक की शिनाख्त नगाराम (32) पुत्र भूराराम चौधरी (निवासी नया मोरसीम, थाना बागोडा, जिला जालौर) के रूप में की।

अफीम का लालच देकर बुलाया, ब्लेड से रेता गला

मृतक की शिनाख्त होने के बाद साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। सामने आया कि मृतक का करीबी दोस्त किशनलाल ओड घटना के समय मांडलगढ़ आया था और फिर वापस दिल्ली भाग गया। पुलिस ने उसे डिटेन कर कड़ी पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नगाराम को अफीम देने का झांसा देकर पैसे लेकर बुलाया था। खंगारजी का खेड़ा के जंगल में ले जाकर उन्होंने ब्लेड से उसका गला रेत दिया और सिर पर पत्थर पटक कर हत्या कर दी।

इन 4 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

  • किशन ओड (18) पिता श्यामलाल, निवासी बोलपुरिया
  • ईश्वर गाडिया लुहार (20) पिता रमेश, निवासी जापरपुरा
  • विनोद गाडिया लुहार (21) पिता पप्पूलाल, निवासी जापरपुरा
  • कमलेश माली (22) पिता तुलसीराम, निवासी बोलपुरिया

इस सफलता में मांडलगढ़ थानाधिकारी घनश्याम मीणा, बडलियास थानाधिकारी जसवन्त सिंह और पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।