पाटन / बदनोर (स्मार्ट हलचल)। निकटवर्ती ग्राम आनंदीपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर ‘प्रवेश उत्सव’ बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयराम गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष नामांकन अभियान के पहले ही चरण में शानदार सफलता मिली है। विद्यालय की कक्षा 1 में 15 नए नन्हे विद्यार्थियों का दाखिला कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है।
तिलक और फूल-मालाओं से अनूठा स्वागत
विद्यालय का पहला दिन बच्चों के लिए खास बनाने के लिए शिक्षकों ने स्वागत की अनूठी पहल की। विद्यालय परिसर पहुँचने पर सभी नए नामांकित बच्चों का शिक्षकों द्वारा कुमकुम का तिलक लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। अध्यापक दीपक पुनिया ने बच्चों को खेल-खिलौने और शिक्षण सामग्री वितरित की, जिससे नन्हे विद्यार्थी स्कूल के पहले दिन काफी खुश और उत्साहित नजर आए।
घर-घर जाकर अभिभावकों को किया जागरूक
प्रवेश प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए अध्यापिका प्रेम देवी ने गांव में घर-घर जाकर सघन ‘शाला प्रवेश’ अभियान चलाया। उन्होंने अभिभावकों को राज्य सरकार द्वारा राजकीय विद्यालयों में दी जाने वाली निशुल्क सुविधाओं, जैसे— पौष्टिक मिड-डे मील, निशुल्क यूनिफॉर्म और पाठ्यपुस्तकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे प्रेरित होकर अभिभावकों ने बच्चों का प्रवेश करवाया।
सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ा है विश्वास
प्रधानाध्यापक जयराम गुर्जर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में अब राजकीय विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास फिर से बढ़ रहा है। कक्षा 1 में 15 बच्चों का एक साथ प्रवेश विद्यालय के बेहतर अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
