मांडलगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने पदभार ग्रहण किया
श्वेता डांगी ने विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया, अनीता सुराणा ने लगातार चौथी बार पार्षद बनने के बाद संभाला उपाध्यक्ष पद
मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। मांडलगढ़ नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्वेता डांगी और उपाध्यक्ष अनीता सुराणा ने गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के दौरान नगर पालिका अधिकारी ने आवश्यक औपचारिक कार्रवाई पूरी कर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के हस्ताक्षर करवाए। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया गया तथा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को भाजपा का उपरना पहनाकर पदभार ग्रहण कराया गया।

सभी पार्षदों को साथ लेकर विकास का भरोसा
पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष श्वेता डांगी ने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी पार्षदों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। नगर में जो भी विकास कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नगर के विकास को लेकर निरंतर काम करने का भरोसा दिलाया।

अनीता सुराणा चौथी बार पार्षद, पहले भी रह चुकी हैं उपाध्यक्ष
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अनीता सुराणा लगातार चौथी बार पार्षद निर्वाचित हुई हैं। इससे पहले भी वे मांडलगढ़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल चुकी हैं। इस बार हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में उन्होंने भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल किया था। मतदान में उन्हें 12 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जहरा फातिमा को 2 मत मिले। कुल 20 पार्षदों में से 14 ने मतदान किया था, जबकि 6 पार्षदों ने मतदान नहीं किया। अनीता सुराणा ने 10 मतों के अंतर से उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
पूर्व अध्यक्ष संजय डांगी ने भी दिलाया विकास का भरोसा

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संजय कुमार डांगी भी मौजूद रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों और आमजन को नगर के विकास के लिए मिलकर कार्य करने तथा अधूरे कार्यों को पूरा कराने का भरोसा दिलाया। श्वेता डांगी पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार डांगी की पत्नी हैं।
समर्थकों ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह नजर आया। समर्थकों ने आतिशबाजी की और गाजे-बाजे के साथ खुशी मनाई। नगर पालिका परिसर में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का स्वागत किया गया।
मांडलगढ़ नगर पालिका : प्रमुख तथ्य
अध्यक्ष: श्वेता डांगी
उपाध्यक्ष: अनीता सुराणा
अध्यक्ष पद पर जीत: श्वेता डांगी को 12 मत
उपाध्यक्ष पद पर जीत: अनीता सुराणा को 12 मत
उपाध्यक्ष चुनाव में मतदान: 14 पार्षद
उपाध्यक्ष चुनाव में मतदान नहीं किया: 6 पार्षद
अनीता सुराणा: लगातार चौथी बार पार्षद
पूर्व दायित्व: नगर पालिका उपाध्यक्ष
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, जमनालाल सेन, रतनलाल खटीक, मनोज सनाढ्य, अशोक व्यास, पार्षद नीलकमल पटवा अन्य नवनिर्वाचित पार्षद भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य उपस्थित थे।
स्मार्ट हलचल | मांडलगढ़