मांडलगढ़ एसडीएम स्वाती झा ने किया श्री अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण: साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर जताया संतोष, कर्मचारियों की कार्यशैली को सराहा

अंबेडकर भवन में संचालित ‘स्वाभिमान भोज’ का लिया जायजा; पिछले चार वर्षों से 1 रुपये में जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रहा है जवाहर फाउंडेशन

महावीर सेन)

मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल/मांडलगढ़ उपखंड अधिकारी स्वाती झा ने कस्बे के अंबेडकर भवन में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम ने रसोई में कार्यरत कर्मचारियों के कामकाज का अवलोकन किया और उनसे व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की। निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई, जिस पर उपखंड अधिकारी ने पूर्ण संतोष व्यक्त किया।

1 रुपये में जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भरपेट आहार

कस्बे के अंबेडकर भवन में संचालित यह रसोई जवाहर फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं आरएसडब्ल्यूएम के निदेशक रिजु झुनझुनवाला के सौजन्य से संचालित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद तबके को मात्र 1 रुपये में ‘स्वाभिमान भोज’ के रूप में शुद्ध, सात्विक एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना भोजन के न रहे।

चार वर्षों से सफल संचालन, मेन्यू में रोटी, चावल, दो सब्जी व अचार

मांडलगढ़ में यह सेवा प्रकल्प विगत चार वर्षों से लगातार सफलतापूर्वक चल रहा है। यहां नियमित रूप से मेन्यू में रोटी, चावल, दो प्रकार की पौष्टिक सब्जियां और अचार सम्मानपूर्वक परोसा जाता है। एसडीएम स्वाती झा ने रसोई कर्मियों के आत्मीय और विनम्र व्यवहार की सराहना करते हुए इसी निष्ठा से कार्य जारी रखने के निर्देश दिए।