मांडलगढ़, 18 जून 2026।स्मार्ट हलचल।मांडलगढ़ नगरपालिका परिसर में चल रहे शहरी सेवा शिविर में आज क्षेत्रीय विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने शिरकत की। विधायक के सानिध्य में आयोजित इस शिविर में अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौजूद रहकर मौके पर ही नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करवाया। इस दौरान विधायक खंडेलवाल ने कई लाभार्थियों को नामांतरण पत्र, पट्टे व अन्य आवश्यक सेवाएं वितरित कीं।
विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी कार्मिक जिम्मेदारी से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की इस महती योजना को सफल बनाएं। कार्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर इन कार्यों का हुआ निस्तारण:
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी देवीसिंह राठौड़ ने बताया कि शहरी सेवा शिविर में गुरुवार को कुल 11 जन्म प्रमाण पत्र, 5 पेंशन सत्यापन, 1 जमीन विभाजन में त्रुटि सुधार, 5 पट्टे की पत्रावलियां तथा 15 अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य संपन्न कर शहरवासियों को तत्काल लाभान्वित किया गया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष अनिता सुराणा, विधायक प्रतिनिधि दिनेश सनाढ्य, भाजपा युवा मोर्चा के मुकेश व्यास, पूर्व पार्षद लादूलाल खटीक, नीलकमल पटवा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
